अभनपुर : रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 7 स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में एक भ्रूण मिला। स्थानीय लोगों की नजर नाली में पड़े भ्रूण पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को नाली में फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अस्पतालों की जानकारी जुटा रही पुलिस, CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के अस्पतालों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
निजी अस्पताल के सामने इस तरह भ्रूण मिलने की घटना के बाद इलाके में कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और इसके पीछे जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।



