जगदलपुर : बस्तर के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। केके रेललाइन पर लैंडस्लाइड के कारण करीब 38 दिनों से बाधित यात्री ट्रेन सेवाएं आखिरकार फिर से बहाल कर दी गई हैं। रेलवे ने शॉर्ट टर्मिनेट की गई तीन यात्री ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया है। इससे जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
तीन ट्रेनों का संचालन फिर शुरू
लैंडस्लाइड की घटना के बाद किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर, जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस और जगदलपुर-हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया था। अब इन तीनों ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया गया है।
इन ट्रेनों के दोबारा चलने से बस्तर का रेल संपर्क फिर सामान्य होने की दिशा में आगे बढ़ा है। लंबे समय से प्रभावित यात्रियों को अब पहले की तरह रेल यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
दो रद्द ट्रेनों को शुरू करने की संभावना
लैंडस्लाइड के चलते दो अन्य ट्रेनें भी रद्द कर दी गई थीं। इनमें जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। इन दोनों ट्रेनों का संचालन भी जल्द शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, इनके दोबारा परिचालन की आधिकारिक तारीख सामने आने के बाद ही यात्रियों को यात्रा की योजना बनानी चाहिए।



