Home छत्तीसगढ़ अमित जोगी की पार्टी को बड़ा झटका, मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक ने...

अमित जोगी की पार्टी को बड़ा झटका, मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक ने पद और प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

5
0

रायपुर :  जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने अपने पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आज पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को अपना त्यागपत्र सौंपा है।

भगवानू नायक ने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया है कि वे स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने इसके पीछे निजी कारणों का हवाला देते हुए कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय देना संभव नहीं है।

अपने त्यागपत्र में भगवानू नायक ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताए समय को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली। नायक ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी के प्रति भी आभार जताया।

उन्होंने कहा कि अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। पार्टी पद और सदस्यता छोड़ने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह बने रहेंगे। भगवानू नायक ने अपने पत्र में पार्टी के कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत और छत्तीसगढ़ की जनता से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के इस्तीफा देने की बात कही है।