रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में एक और बड़ी खबर सामने आई है। ऐप के सह-संचालक और करोड़ों रुपये के सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से भारत सरकार को अब तक गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) रवि उप्पल को भारत लाने की तैयारी में जुटे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जांच एजेंसियों को अनौपचारिक माध्यमों से रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। हालांकि, UAE की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाज सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण के करीब पांच दिन बाद सामने आया है। जांच एजेंसियां अब रवि उप्पल के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करने में जुटी हैं।
बताया जाता है कि भिलाई निवासी रवि उप्पल दुबई से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन करता था। उसके खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। दिसंबर 2023 में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद रिहा कर दिया गया। इसके बाद ईडी ने जनवरी 2024 में उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था।
सौरभ चंद्राकर 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर
बता दें कि महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसकी 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी। इसके साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है। अब CBI की टीम दिल्ली में सौरभ से पूछताछ करेगी।
अदालत से रिमांड मिलने के बाद CBI की जांच आगे बढ़ेगी। एजेंसी सौरभ चंद्राकर से महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर सकती है।



