Home छत्तीसगढ़ छाल पुलिस की कार्रवाई का कोर्ट में असर, 530 लीटर महुआ शराब...

छाल पुलिस की कार्रवाई का कोर्ट में असर, 530 लीटर महुआ शराब के आरोपी को सश्रम कारावास

6
0

रायगढ़ : अवैध महुआ शराब के कारोबार के मामले में घरघोड़ा न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी जयपाल राठिया को एक वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। आरोपी के कब्जे से ग्राम बेहरामार में 530 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई थी। छाल पुलिस की विवेचना और अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी घरघोड़ा श्रीमती मिनी ठाकुर ने 17 नवंबर 2026 को मामले में फैसला सुनाया। अर्थदंड जमा नहीं करने पर आरोपी को तीन महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

छापेमारी में 530 लीटर महुआ शराब जब्त

मामला 23 मार्च 2026 का है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान जयपाल राठिया (40 वर्ष), पिता कोलसिंह राठिया, निवासी बेहरामार के कब्जे से एक सिंटेक्स टंकी, 8 जरीकेन और 10 बोतलों में भरी कुल 530 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई थी।

पुलिस ने शराब जब्ती के बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी 5 मई 2026 को की गई थी।

10 गवाहों के बयान, 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल पेश किए

मामले की विवेचना छाल थाने के प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय ने की। जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए और 7 मई 2026 को दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया।

अभियोजन पक्ष की ओर से एडीपीओ सत्यप्रकाश महिलाने ने पैरवी की। सुनवाई के दौरान 10 साक्षियों के बयान कराए गए और 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए।

न्यायालय ने मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के परीक्षण के बाद जयपाल राठिया के कब्जे से 530 लीटर अवैध महुआ शराब की बरामदगी तथा बिना वैध अनुज्ञा के शराब रखने का अपराध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रमाणित पाया।

एसएसपी ने थाना प्रभारी और विवेचक की सराहना की

फैसले के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नसीर खान और मामले के विवेचक प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय की प्रशंसा की। उन्होंने प्रभावी विवेचना, साक्ष्यों के संकलन और न्यायालय में मजबूत पैरवी के लिए पुलिस टीम के प्रयासों को सराहा।

इस फैसले को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई और न्यायालय में साक्ष्य आधारित विवेचना की अहम सफलता के रूप में देखा जा रहा है।