रायपुर : राजधानी के एमजी रोड स्थित चौपाटी में अब संचालन के नियमों की अनदेखी नहीं चलेगी। यातायात बाधित होने, बेतरतीब पार्किंग और गंदगी की शिकायतों को देखते हुए पुलिस और नगर निगम ने सख्ती की तैयारी कर ली है। प्रशासन ने चौपाटी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समय, स्वच्छता और पार्किंग संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। उल्लंघन होने पर वैधानिक कार्रवाई के साथ चौपाटी बंद कराने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
इस संबंध में 16 नवंबर को यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में एमजी रोड की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और चौपाटियों के व्यवस्थित संचालन को लेकर दिशा-निर्देश तय किए गए।
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन एवं स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह और व्यापारी संघ अध्यक्ष महेंद्र तलरेजा सहित संबंधित अधिकारी एवं चौपाटी संचालक मौजूद रहे।
रात 9 बजे से 1 बजे तक ही संचालित होंगी चौपाटियां
ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने संचालकों को पूर्व में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर और महापौर द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। इसके तहत एमजी रोड की चौपाटियां केवल रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी।
स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही संबंधित स्थान पर चौपाटी लगाई जा सकेगी। किसी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव बनाने या उसके साथ विवाद करने की अनुमति नहीं होगी।
सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक
चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के साथ आसपास के क्षेत्र की सफाई की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। संचालन समाप्त होने के बाद निर्धारित जगह की साफ-सफाई सुनिश्चित करनी होगी।
सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर रोक रहेगी। ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क या फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाकर सार्वजनिक आवागमन बाधित करने की अनुमति भी नहीं होगी।
पार्किंग की जिम्मेदारी संचालकों की
बैठक में स्पष्ट किया गया कि चौपाटी में आने वाले ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करना संचालकों की जिम्मेदारी होगी। मुख्य सड़क या ऐसे स्थानों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे, जहां से यातायात प्रभावित होता हो।
अधिकारियों ने बताया कि चौपाटी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, गंदगी और स्थायी दुकानदारों को परेशान करने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। इन समस्याओं के कारण व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। साथ ही सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
नियम तोड़े तो बंद हो सकती है चौपाटी
नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं व्यापारी संघ से सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई।
बैठक में चौपाटी संचालकों ने निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने साफ किया कि भविष्य में अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग, गंदगी या अन्य नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मुताबिक, एमजी रोड में चौपाटियों का संचालन नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात को ध्यान में रखकर कराया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे।



