Home मनोरंजन ‘रामायण’ ने ऑस्कर की दहलीज पर दी दस्तक, ‘ड्यून 3’ और ‘एवेंजर्स:...

‘रामायण’ ने ऑस्कर की दहलीज पर दी दस्तक, ‘ड्यून 3’ और ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ जैसी 20 फिल्मों से होगा मुकाबला

5
0

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ दुनियाभर में अपनी भव्यता और शानदार विजुअल इफेक्ट्स के लिए चर्चा बटोर रही है। फिल्म की रिलीज के बाद से ही इसके वीएफएक्स की खूब तारीफ हो रही है। अब यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड्स के मंच पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराती नजर आ रही है। पहले 32वें क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड्स की दो कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट होने के बाद अब फिल्म को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ ने 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में टॉप 20 फिल्मों की सूची में जगह बनाई है। हालांकि इस सूची को लेकर एक अहम बात यह है कि एकेडमी आधिकारिक तौर पर ऐसी टॉप 20 सूची सार्वजनिक नहीं करती।

ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स रेस में ‘रामायण’

वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, एकेडमी की विजुअल इफेक्ट्स ब्रांच ने उन 20 फिल्मों के निर्माताओं को सूचना दी है, जो अगले चरण की वोटिंग के लिए आगे बढ़ी हैं। इसके बाद प्रकाशन ने संबंधित फिल्म निर्माताओं से संपर्क कर इस जानकारी की पुष्टि की। इसी रिपोर्ट में ‘रामायण’ का नाम भी शामिल है। अगर फिल्म आगे चलकर आधिकारिक शॉर्टलिस्ट और फिर नॉमिनेशन तक पहुंचती है तो यह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इस कैटेगरी में ‘रामायण’ का मुकाबला हॉलीवुड की कई बड़ी और चर्चित फिल्मों से है। इनमें क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’, डेनिस विलेन्यूव की ‘ड्यून: पार्ट थ्री’, स्टीवन स्पीलबर्ग की ‘डिस्क्लोजर डे’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘सुपरगर्ल’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा ‘बैक रूम्स’, ‘डिगर’, ‘गॉडजिला माइनस जीरो’, ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’, ‘मोआना’ और ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ भी इस रेस का हिस्सा बताई जा रही हैं।

‘ड्यून’ और मार्वल की फिल्मों से होगी कड़ी टक्कर

विजुअल इफेक्ट्स के मामले में ‘रामायण’ के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक ‘ड्यून’ फ्रेंचाइजी हो सकती है। डेनिस विलेन्यूव की इस फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्में ‘ड्यून’ और ‘ड्यून: पार्ट टू’ बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में ऑस्कर जीत चुकी हैं। ऐसे में ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ को भी इस श्रेणी में मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्मों का भी इस कैटेगरी में पुराना रिकॉर्ड रहा है। ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ से पहले एमसीयू की 14 फिल्में इस कैटेगरी में नॉमिनेशन हासिल कर चुकी हैं, हालांकि इनमें से कोई भी ऑस्कर ट्रॉफी नहीं जीत सकी। दूसरी तरफ क्रिस्टोफर नोलन की ‘इनसेप्शन’, ‘इंटरस्टेलर’ और ‘टेनेट’ जैसी फिल्मों ने विजुअल इफेक्ट्स के लिए ऑस्कर अपने नाम किया है।

‘आरआरआर’ भी पहुंची थी टॉप 20 तक

भारतीय सिनेमा के लिए यह पहला मौका नहीं है, जब किसी फिल्म ने ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में टॉप 20 तक जगह बनाई हो। इससे पहले एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ भी इस सूची में शामिल हुई थी। हालांकि, फिल्म अंतिम नॉमिनेशन तक नहीं पहुंच सकी थी। इसके बावजूद फिल्म ने 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स में इतिहास रचते हुए अपने गाने ‘नाटू नाटू’ के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीता था।

दिसंबर में साफ होगी ऑस्कर की तस्वीर

99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए प्रारंभिक वोटिंग 7 दिसंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद 15 दिसंबर को एकेडमी आधिकारिक शॉर्टलिस्ट जारी करेगी। ऑस्कर के फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा 21 जनवरी 2027 को की जाएगी। ऐसे में फिलहाल ‘रामायण’ की टॉप 20 में जगह बनाने की खबर को एक शुरुआती उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। असली तस्वीर आधिकारिक शॉर्टलिस्ट और नॉमिनेशन के बाद ही साफ होगी।

क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड्स में भी दो कैटेगरी में जगह

ऑस्कर की रेस से पहले ‘रामायण’ ने 32वें क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड्स में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म को बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स और बेस्ट स्टंट डिजाइन की दो कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स में इसका मुकाबला ‘गॉडजिला माइनस जीरो’, ‘द ओडिसी’, ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘द शीप डिटेक्टिव्स’ जैसी फिल्मों से होगा। वहीं बेस्ट स्टंट डिजाइन कैटेगरी में ‘ड्यून: पार्ट थ्री’, ‘द फ्यूरियस’, ‘होप’ और ‘रेजिडेंट ईविल’ जैसी फिल्मों के साथ इसकी प्रतिस्पर्धा है। क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेशन की घोषणा 4 दिसंबर 2026 को होगी, जबकि अवॉर्ड समारोह 3 जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा। अब देखना होगा कि ‘रामायण’ अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों की इस दौड़ में कितनी दूर तक पहुंच पाती है।