Home छत्तीसगढ़ ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस की रेड, 4 जुआरी गिरफ्तार; नकदी...

ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस की रेड, 4 जुआरी गिरफ्तार; नकदी और मोबाइल जब्त

6
0

 

रायगढ़ :  रेलवे फाटक के पास मोबाइल की टॉर्च जलाकर ताश के पत्तों पर रुपये दांव लगाने का खेल चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर चार जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई में 7,920 रुपये नकद और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने की।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि जुर्डा रेलवे फाटक के पास सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं और रुपये-पैसों का दांव लगा रहे हैं।

मोबाइल टॉर्च जलाकर खेल रहे थे जुआ

सूचना मिलने के बाद ऑपरेशन अंकुश के नोडल अधिकारी सीएसपी राहुल उईके ने चक्रधरनगर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते चार लोगों को पकड़ लिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल जब्त

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नानुसार की है—

अजय साहू (35 वर्ष), निवासी बोईरदादर मालीडीपा, थाना चक्रधरनगर।

अजीत दास महंत (26 वर्ष), निवासी लक्ष्मीपुर, सरस्वती शिशु मंदिर के पास, थाना कोतवाली।

किशन साहू (25 वर्ष), निवासी कोष्टापारा, थाना कोतवाली।

नरेंद्र कुमार साव (44 वर्ष), निवासी कोष्टापारा, थाना कोतवाली, जिला रायगढ़।

आरोपियों के पास से जुआ खेलने में लगाई गई 7,920 रुपये की नकदी और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में चक्रधरनगर थाने की प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे, एएसआई भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक श्रीराम साहू, महेंद्र कर्ष तथा आरक्षक नरेंद्र भारद्वाज और विद्याधर पटेल की अहम भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने जिले में जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।