Home छत्तीसगढ़ 15 हजार का इनामी शोएब ढेबर अब भी फरार, पुलिस की गोपनीय...

15 हजार का इनामी शोएब ढेबर अब भी फरार, पुलिस की गोपनीय योजना लीक होने पर इंस्पेक्टर सस्पेंड

1
0

रायपुर :  कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की तलाश के बीच रायपुर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई पुलिस की गोपनीय रणनीति और दबिश की जानकारी कथित तौर पर लीक होने के मामले में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है।

यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। इससे पहले इसी मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है।

गिरफ्तारी से पहले लीक हुई थी दबिश की जानकारी?

जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे के संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है। आरोप है कि फरार आरोपी शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए पुलिस ने जो योजना तैयार की थी, उससे जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक हो गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह इलाके में दबिश देने की तैयारी की थी। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस विभाग में गोपनीय सूचना लीक होने के पहलू पर जांच शुरू की गई। अब इस मामले में निरीक्षक विनीत दुबे के निलंबन से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

शोएब ढेबर पर 15 हजार रुपये का इनाम

25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आरोपी की सूचना देने वाले के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

इस तरह आरोपी के बारे में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को कुल 15 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। रायपुर पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।

विदेशी नंबर से भेजे गए थे धमकी भरे संदेश

मामले के अनुसार, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इसके साथ ही आनंदमल कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।

दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के बाद से फरार

पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया था। बाद में मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति लेने के लिए पुलिस ने अदालत का रुख किया, जिसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद से शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

फिलहाल, एक ओर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, वहीं दूसरी ओर गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोपों की जांच के बीच विभागीय कार्रवाई भी जारी है।