Home छत्तीसगढ़ युवती की दोस्ती निकली लूट की साजिश? जांजगीर पुलिस ने 6 आरोपियों...

युवती की दोस्ती निकली लूट की साजिश? जांजगीर पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा

1
0

जांजगीर-चांपा: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाने और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने पहले Snapchat के जरिए युवक से संपर्क बढ़ाया और फिर उसे मिलने के लिए चांपा बुलाया। युवक के पहुंचने के बाद आधी रात को उसके साथियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और नकदी व सोने की अंगूठी लूट ली।

Snapchat पर हुई दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के रहने वाले मनीष वर्मा की Snapchat के माध्यम से रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवती लगातार उसे चांपा आकर मिलने के लिए कह रही थी।

4 नवंबर को मनीष अपने एक मित्र के साथ कार से युवती से मिलने चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और उसके साथ आगे चला गया।

आधी रात चाकू दिखाकर कार से बाहर निकाला, फिर की मारपीट

घटना के दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास पांच युवक कार के नजदीक पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से उसकी पिटाई की।

आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए 60 हजार रुपये नकद और उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। पुलिस की जांच में युवती की भी कथित तौर पर इस वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, सभी छह आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत धारा 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

अमित राठौर (21 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर।

रवि झलरिया (24 वर्ष), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर।

किशन कर्ष (21 वर्ष), निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा; वर्तमान पता खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर।

कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर; वर्तमान पता भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा।

मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर।

एक युवती, निवासी रायगढ़ जिला क्षेत्र।

पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।