आयुर्वेद में काली मिर्च का इस्तेमाल कई औषधियों में किया जाता है। स्वामी रामदेव के मुताबिक काली मिर्च वात और कफ को कम करती है। इसके सेवन से कफ और वायु शरीर से निकल जाती है और भूख बढ़ती है। खाना पचाने से लेकर लिवर को स्वस्थ बनाने, दर्द और पेट के कीड़ों को खत्म करने में भी मदद करती है। दमा के मरीज को काली मिर्च का सेवन करना फायदेमंद होता है। स्वाद में तीखी और गरम होने की वजह से काली मिर्च मुंह में लार पैदा करती है और शरीर को शुद्ध करने में मदद करती है। आइए जानते हैं काली मिर्च के फायदे, इसका इस्तेमाल किन बीमारियों में और कैसे किया जाता है?
काली मिर्च के घरेलू उपाय
कफ में फायदेमंद- आयुर्वेदिक विशेषज्ञों की मानें तो सुबह काली मिर्च का सेवन करना फायदेमंद होता है। सर्दी के मौसम में इसे जरूर खाएं। आप सुबह काली मिर्च की चाय बनाकर पी सकते हैं। इससे कफ की समस्या दूर होती है। काली मिर्च में कफ को कम करने वाले गुण होते हैं इसलिए सुबह इसका सेवन करने से गला साफ होता है। चाय नहीं पीते तो काली मिर्च चबाकर ऊपर से गुनगुना पानी पी लें।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए- काली मिर्च का सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। इसका इस्तेमाल काढ़ा बनाकर पीने में किया जा सकता है जो आपको सर्दी, जुकाम से बचाए रखता है। विशेषज्ञों के अनुसार काली मिर्च का सेवन इम्यूनिटी बढ़ाने में कारगर है और कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव में मदद करता है।
खांसी में आराम- काली मिर्च खांसी में भी राहत पहुंचाती है। अगर आपको जुकाम होने के बाद लगातार खांसी बनी हुई है तो काली मिर्च का उपाय कर लें। इसके लिए काली मिर्च के पाउडर में थोड़ा सा शहद मिक्स कर लें। दोनों चीजों को चाट कर खाएं और तुरंत पानी न पीएं। काली मिर्च और शहद दोनों में नेचुरली कफ को कम करने वाले गुण पाए जाते हैं। इससे खांसी में जल्दी आराम मिलता है।
सर्दी-जुकाम में राहत- काली मिर्च का सेवन करने से सर्दी जुकाम में भी फायदा मिलता है। आयुर्वेदिक विशेषज्ञों की मानें तो सर्दी-जुकाम से परेशान होने पर काली मिर्च चबाकर खाना अच्छा होता है। आप चाय में काली मिर्च डालकर भी पी सकते हैं। काली मिर्च वाली चाय का स्वाद भी बेहतर होता है और इसकी गर्म तासीर सर्दी-जुकाम के लक्षणों को कम करने में मदद करती है।
शरीर को मजबूत बनाए- काली मिर्च सिर्फ बीमारियों को दूर नहीं करती बल्कि आपके शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है। काली मिर्च का काढ़ा पीने से बीमारियां दूर रहती हैं। शरीर में रोगों से लड़ने की ताकत आती है। आप इसका इस्तेमाल अपने रोजाना के खाने में जरूर करें। काली मिर्च को सब्जी में डालकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।



