धमतरी : शहर के टिकरापारा वार्ड में शनिवार को एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मां और पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पहले मां पर किया हमला, फिर पड़ोस की महिला को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा वार्ड की है। आरोपी की पहचान देवा निर्मलकर के रूप में बताई गई है। आरोप है कि उसने सबसे पहले घर में अपनी मां पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकला और पड़ोस में छोटी दुकान लगाकर बैठी कौशल्या बाई पर वार कर दिया।
अचानक हुए हमले से आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बुजुर्ग महिला के हाथ में लगे 10 टांके
हमले में कौशल्या बाई के हाथ पर गंभीर चोट आई है। चोट इतनी गहरी थी कि उपचार के दौरान उनके हाथ में 10 टांके लगाने पड़े। दोनों घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस हिरासत में आरोपी, हमले की वजह की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवा निर्मलकर को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने अपनी मां और पड़ोस की बुजुर्ग महिला पर हमला क्यों किया। हमले के पीछे की वजह जांच और पूछताछ के बाद ही सामने आ सकेगी।



