Home छत्तीसगढ़ CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के इन 7 जिलों में भारी बारिश की...

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के इन 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, रायपुर में भी बरसेंगे बादल

1
0

रायपुर : ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान अकवान

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल गया। मौसम प्रणाली उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रही है। अगले कुछ घंटों में इसके और कमजोर होकर अवदाब तथा फिर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है।

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं।

रायपुर में भी बारिश के आसार, 25 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान

राजधानी रायपुर में 21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के सात जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इनमें शामिल हैं:

बलरामपुर

जांजगीर-चांपा

जशपुर

रायगढ़

सक्ती

सारंगढ़-बिलाईगढ़

सरगुजा

इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटे में कहां कितना रहा तापमान?

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो सरगुजा और अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन इलाकों में दर्ज की गई बारिश

मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश हुई। नया बाराद्वार में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इसके अलावा बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं सरायपाली, पिथौरा, सेवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।