रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार आए चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 24 दिनों में प्रदेश ने तीन तूफानों का सामना किया है, जिनसे खेती-किसानी को भारी नुकसान पहुंचा है। कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार अब तक नुकसान का सर्वे नहीं करा पाई है।
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में खेतों में खड़ी फसल के साथ काटकर रखी गई धान की फसल भी बारिश की भेंट चढ़ गई है। धान खरीदी केंद्रों में भी खुले में रखे धान के भीगने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, बस्तर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बनने और बड़े पैमाने पर फसल खराब होने की स्थिति का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान के बावजूद सरकार की ओर से राहत और मुआवजे को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। कांग्रेस ने प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने और फसल नुकसान के अनुपात में उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन महामंत्री मलकीत सिंह और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।
सर्वे और मुआवजे में देरी पर सरकार को घेरा
दीपक बैज ने फसल नुकसान के आकलन को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तीन चक्रवातों के बाद भी नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। पटवारियों की हड़ताल का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि ऐसे हालात में खेतों में हुए नुकसान का सर्वे आखिर कौन करेगा?
बैज ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार केवल बयानों में सर्वे कर रही है, जबकि जमीन पर किसानों को राहत नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी फसल के साथ खेती में लगी पूंजी पर भी संकट खड़ा कर दिया है। कांग्रेस किसानों की मांगों के साथ खड़ी है और सरकार को तत्काल कर्जमाफी तथा उचित मुआवजे का फैसला लेना चाहिए।
धान खरीदी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों में बारिश के कारण धान भीग रहा है और सरकार किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पा रही है।
बैज ने कहा कि पहले से ही प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे किसानों के सामने अब धान खरीदी को लेकर भी परेशानी खड़ी हो रही है। सरकार को खरीदी केंद्रों में तत्काल जरूरी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसानों को दोहरी मार न झेलनी पड़े।
छत्तीसगढ़ की अस्मिता के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की बोली, भाषा, संस्कृति और अस्मिता से जुड़े विवाद पर भी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि किसी को भी छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और आस्था को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। प्रदेश की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैज ने दावा किया कि इस मामले में प्रदेश के एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि शिकायतों के बावजूद सरकार की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। इस दौरान उन्होंने सरकार पर तीखी टिप्पणी करते हुए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
दरअसल, मधुबाला गिरी का एक वीडियो सामने आने के बाद यह विवाद चर्चा में है। वीडियो में छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाने और कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर विरोध जताया जा रहा है। वीडियो में चप्पल से मारने जैसी टिप्पणी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। इस मामले में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं। दीपक बैज ने सरकार से मांग की कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और यहां के लोगों के सम्मान से जुड़े इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए।



