Home देश खरगोन बस दुर्घटना में 15 की मौत, सीएम ने कहा- राज्य सरकार...

खरगोन बस दुर्घटना में 15 की मौत, सीएम ने कहा- राज्य सरकार कराएगी घायलों का इलाज

29
0

खरगोन/भोपाल। मध्यप्रदेश के खरगोन में सुबह सुबह बड़ा हादसा हो गया है। यहां पर एक यात्री बस पुल से गिर गई है जिसमें अब तक करीब 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस घटना में 25 लोगों के घायल होने की खबर है।  इस घटना पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शोक जताया है। बता दें कि तेज रफ्तार बस में करीब 50 लोग सवार थे, यह बस अनियंत्रित होकर सूखी नदी में पुल से नीचे गिरी है।

मिली जानकारी के अनुसार यह बस इंदौर जा रही थी। ग्रामीणों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। यह घटना ऊन थाना क्षेत्र के ग्राम दसंगा के पुल में हुई है। वहीं कलेक्टर, एसपी, विधायक घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

इधर भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना पर दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मृतक के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार और कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपए देने की घोषणा की है। सीएम ने कहा है कि दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था मध्यप्रदेश सरकार करेगी।

खरगोन से इंदौर की ओर जा रही यह प्राइवेट बस हथिनी नदी पर बने पुल से नीचे गिरी है। खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर दसंगा में हुए इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। राज्य सरकार ने हादसे में घायल लोगों के मुफ्त इलाज के साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी ऐलान कर दिया है।