बिलासपुर : चुनावी सरगर्मी के बीच आम आदमी पार्टी की नजर अब छत्तीसगढ़ में है। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में तीसरे मोर्चे के रूप में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सदस्यता अभियान और जनसंपर्क के साथ अब पार्टी महारैली करने जा रही है। जिसमें आम आदमी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान शामिल होंगे। पार्टी के आगामी कार्यक्रम और दिग्गज नेताओं के दौरे की जानकारी के साथ इसी सिलसिले में आम आदमी पार्टी ने बिलासपुर में मीडिया से बात की।
पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी गैरी वडिंग ने जानकारी देते हुए बताया कि, आम आदमी पार्टी आगामी 2 जुलाई को बिलासपुर में महारैली करने जा रही है। जिसमें पार्टी के सुप्रीमो व दिल्ली विधायक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान शामिल होंगे। आगामी चुनाव के लिहाज से आम आदमी पार्टी के लिए ये महारैली महत्वपूर्ण है। इसके लिए लगातार पार्टी के पदाधिकारी जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों के घर-घर दस्तक दे रहे हैं। प्रदेश सह प्रभारी ने बताया कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे 90 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी व अपने प्रत्याशी उतारेगी।
दिल्ली और पंजाब मॉडल की तरह आम आदमी पार्टी का फोकस आम आदमी की मूलभूत सुविधाओं पर होगा। पार्टी बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, ट्रांसपोर्ट, गुड गवर्नेंस, जनजातियों का हक, किसानों की समस्या के मुद्दे को लेकर चुनाव में आएगी और लोगों का समर्थन हासिल करेगी। आगे उन्होंने बताया कि, बीजेपी और कांग्रेस झूठे वादे और लोकलुभावन घोषणा, छल-कपट करके वोट लेने की राजनीति में लिप्त है। दोनों पार्टियों ने केवल प्रदेश की जनता को छलने का काम किया है। छत्तीसगढ़ियों के हित में आजतक कोई काम नहीं हुआ। दोनों मिलीभगत से प्रदेश के लोगों का विकास नहीं चाहते हैं। इन दोनों पार्टियों ने सिर्फ झूठे सपने दिखाकर षड्यंत्रपूर्वक प्रदेश की जनता का वोट लेने और धोखा देने का काम किया है। ऐसे में आप पार्टी तीसरे मोर्चे के रूप में छत्तीसगढ़ में आम आदमी की सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से काम करेगी।