नई दिल्ली : SDM ज्योति मौर्य के पति आलोक मौर्य की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। मुसीबतों से घिरे आलोक पर अब नहीं मुसीबत आ गई है। जहां एक तरफ आलोक ने अपनी पत्नी ज्योति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। तो वहीं, ज्योति ने भी उनके खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया और अब उनकी भाभी ने भी आलोक के खिलाफ एक FIR दर्ज करवाई है।
आलोक की भाभी शुभ्रा मौर्य का आरोप है कि शादी के बाद से उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। ससुराल वाले रुपयों के लिए मारपीट करते थे। कई बार पुलिस को तहरीर दी, लेकिन केस दर्ज नहीं हो रहा था। बीते दिनों पहले सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और केस दर्ज किया गया।
बता दें, शुभ्रा मौर्य विनोद कुमार मौर्य की पत्नी हैं, जो देवी नगर मीरा पट्टी प्रयागराज में रहती हैं। शुभ्रा का आरोप है कि उनके पति विनोद मौर्य ने शादी के समय बताया था कि वह इंटेलिजेंस ब्यूरो में अधिकारी हैं, जबकि वह जीएसटी विभाग में स्टेनोग्राफर के पद पर प्रयागराज में तैनात हैं। इस तरह से झूठ बोलकर शादी की गई। शादी के समय 5 लाख रुपये नकद और 5 लाख के जेवर, कार समेत दहेज का अन्य सामान भी दिया गया था। इसके बाद भी दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और मारपीट की गई।
दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए शुभ्रा ने अपने ससुर राम मुरारी मौर्य, सास लीलावती मौर्य, जेठ अशोक कुमार मौर्य, जेठानी प्रियंका मौर्य, देवर आलोक मौर्य के खिलाफ कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पति विनोद मौर्य बार-बार बड़ी गाड़ी और हीरे की अंगूठी और सोने के जेवरात के लिए दबाव बनाने लगे। आए दिन प्रताड़ित करने लगे।