सक्ती : कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट कार्यालय में ध्वजारोहण किया एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारियों सहित समस्त जिले वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने भारत माता और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर फूल माला अर्पित किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कलेक्टर पन्ना ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज ही के दिन हमारे देश का संविधान पूर्ण रूप से लागू हुआ था। संविधान पर देश के सभी लोगों का पूरा विश्वास होता है और इसी संविधान के तहत ही हमें एक शासकीय सेवक के रूप में जनता की सेवा करने का अवसर मिलता है। इसके लिए हमें जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन के हित में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, जरूरतमंद लोंगो तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाए, आपका एक छोटा सा प्रयास किसी के लिए बहुत बड़ी सहायता हो सकती है। इसी प्रकार अपर कलेक्टर बीरेंद्र कुमार लकड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने संबोधन दिए।