Home छत्तीसगढ़ खून से लथपथ मिला युवक का शव

खून से लथपथ मिला युवक का शव

12
0

मनेंद्रगढ़ :  एमसीबी जिले के मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के चनवारीडांड में मौहारीपारा ग्रांउड के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। युवक पास में ही अपनी पत्नी एवं बेटी के साथ किराए के मकान में रहता था। घटना की सूचना पर मनेंद्रगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। अंबिकापुर से फारेंसिक टीम मनेंद्रगढ़ पहुंच रही है। आशंका है कि घर में ही युवक की हत्या कर शव को फेंका गया है। घटना मनेंद्रगढ़ कोतवाली क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, चनवारीडांड में स्थित डिपो के पीछे मौहारीपारा में युवक का शव लोगों ने देखा एवं सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मनेंद्रगढ़ टीआई अमित कृष्ण कश्यप के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक की शिनाख्त रईस अहमद (40) के रूप में हुई है। शव औंधे मुंह पड़ा मिला। युवक पेशे से पत्रकार था। घटना की सूचना पर एमसीबी एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस जांच में पता चला कि रईस अहमद पिछले करीब एक माह से चनवारीडांड में किराए के मकान में अपनी पत्नी एवं तीन साल की बेटी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। उसका शव घर से करीब दो सौ मीटर दूरी पर मिला है। मकान के पास खून से लथपथ एक गमछा भी मिला है। आशंका है कि रईस अहमद की हत्या घर में या घर के पास की गई है। वहा से शव को मैदान में फेंका गया है।

प्रारंभिक पुलिस जांच में पता चला है कि रईस अहमद के मोबाइल फोन पर सुबह करीब पांच बजे दो-तीन कॉल गए है। सुबह एक युवक भी उसके घर बाइक से आया था, जो डेढ़ घंटे बाद सुबह 6.30 बजे के आसपास घर से गया है। बताया गया है कि रईस अहमद रात को एक बजे तक अन्य पत्रकारों के साथ था। देर रात वह घर गया था एवं सुबह हत्या की सूचना मिली।

घटना की सूचना पर अंबिकापुर से फारेंसिक टीम मनेंद्रगढ़ के लिए रवाना हो गई है। मामले में पुलिस मृतक रईस अहमद की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है। घटना पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। पुलिस ने घटनास्थल पर लोगों को जाने से रोक दिया है। पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। जल्द ही मामले में पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद है।