कोरबा : मानिकपुर थाना अंतर्गत आने वाली एसबीएस कॉलोनी के पोखरी बस्ती में जमकर हंगामा हुआ। बस्ती के लोगों ने बताया कि बुधवारी बस्ती निवासी सिद्धार्थ यादव ने यहां बेजा कब्जा में मकान बनाकर किराये पर दिया हुआ है और बस्ती में कब्जा कर रखा है। अपने कुछ साथियों के साथ बस्ती में पहुंचा और घर में घुस-घुसकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ करने लगा। उसने कहा कि वार्ड क्रमांक 30 के कांग्रेस प्रत्याशी का पैसा उसने वार्ड में बांटा है, उसके बाद भी लोगों ने कांग्रेस को वोट न देकर भाजपा को वोट दिया है। इस बात को लेकर वह हंगामा मचाने लगा और तोड़फोड़ करने लगा। जब लोगों ने इसका विरोध किया तब वह मौके से भाग खड़ा हुआ।
महिलाओं ने बताया कि पहले तो समझ में ही नहीं आया की सिद्धार्थ और उसके साथी तोड़फोड़ और मारपीट कर क्यों रहे हैं। बाद में पता चला इसका कारण नगरीय निकाय चुनाव है। वहीं, सिद्धार्थ तिवारी के मकान पर किराये पर निवासी तीन परिवारों के घर पर भी लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। यही नहीं घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और वाहनों में आगजनी का प्रयास किया गया।




