रायपुर : विधानसभा में आज भाजपा विधायक अजय चंद्राकार ने एनजीओ के जरिए मतांतर किए जाने का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया. उन्होंने कहा कि इसमें विदेशी फंडिंग से इनकार नहीं किया जा सकता है. गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विदेशी फंडिंग की जांच और कार्यवाही का अधिकार केंद्र के पास है. छत्तीसगढ़ में 364 संस्थाएं थी. जांच के बाद 84 संस्थाओं की फंडिंग रोकी गई. 127 की वैधता समाप्त की गई है.
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मतांतरण के मुद्दे पर कहा कि जशपुर जिले में सबसे ज्यादा मतांतर के मामले सामने आ रहे हैं. मिशनरियों से जुड़ी शैक्षणिक संस्थानों को करोड़ों का अनुदान दिया जाता है, लेकिन उसकी ऑडिट नहीं कराई जाती. राज्य में मतांतर और धर्म परिवर्तन के मामले बढ़ रहे हैं. इस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चंगाई सभा की आड़ में मतांतर कराए जाने के शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. इस साल ही अब तक चार मामले सामने आए है, जिस पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा तुरंत वैधानिक कार्रवाई की जाती है.
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि बस्तर के 70 फीसदी गांवों में धर्मातरण का खेल रहा है. इसमें सीधे तरीके से विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल हो रहा है. यदि स्थिति ऐसी ही रहेगी तो आने वाले दिनों में हम आदिवासी राज्य नहीं रह जाएँगे. अब तक जो क़ानून है, उसकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. इस पर रोक के लिए कड़े कानून की ज़रूरत है. गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में ऐसी 18 संस्थाएं हैं जिन्हें विदेशी फंडिंग मिलती है. धर्मातरण को रोकने मिलकर काम करना होगा. भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पंद्रह दिनों के भीतर राजधानी में ही धर्म परिवर्तन के दो प्रकरण सामने आए हैं. जिस तरह से हिंदू समाज कोई आयोजन करता है तो उसकी अनुमति लेता है. क्या ऐसे समाज किसी धार्मिक आयोजन की सूचना लेते हैं? गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह संभव ही नहीं है कि कोई अनुमति के बग़ैर आयोजन कर ले. विष्णुदेव साय की सरकार में कानून का राज है. सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रशासन से अनुमति लेनी ही है. जो अनुमति न ले उसके ख़िलाफ़ सख्त कार्यवाही की जाएगी.




