महासमुंद : महासमुंद जिले के बागबाहरा थाने में पदस्थ सहायक उप-निरीक्षक (ASI) दशरथी साहू ने कथित रूप से ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली है। मंगलवार को उनका शव बागबाहरा स्थित महावीर कॉम्प्लेक्स में उनके किराए के कमरे से बरामद किया गया। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम दशरथी साहू (60) है। वह बागबाहरा थाने में सहायक उप-निरीक्षक के पद पर पोस्टेड थे। थाना प्रभारी अजय सिन्हा के साथ विवाद के बाद भी वह ड्यूटी पर आए थे। ASI ने ड्यूटी से लौटने के बाद सुसाइड किया है। दरअसल, बागबाहरा में ASI साहू अकेले रहते थे। उनका परिवार सरायपाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत बैतारी में रहता है। मंगलवार को ASI साहू थाने नहीं पहुंचे। इसके बाद SDOP कार्यालय का स्टाफ उनके घर पहुंचा। वहां वे अचेत अवस्था में मिले। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।