रायगढ़: जिले के धनागर गांव के युवाओं ने सोमवार को जिंदल सीमेंट प्लांट के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं ने कंपनी द्वारा जमीन अधिग्रहण के समय किए गए रोजगार देने के वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए सीमेंट प्लांट का कामकाज ठप करवा दिया और मुख्य गेट के सामने वाहनों को भी रोक दिया।
वादा नहीं निभाने पर फूटा गुस्सा
प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि जिंदल कंपनी ने वर्षों पहले जमीन अधिग्रहण करते समय स्थानीय लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज तक वह वादा अधूरा है। इस मुद्दे को लेकर गांव के लोग लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं, मगर उन्हें सिर्फ आश्वासन और झूठे वादे ही मिले हैं। इसके चलते गांव के युवा अब आंदोलन के रास्ते पर उतरने को मजबूर हो गए हैं।
देवा पटेल, जो इस प्रदर्शन की अगुआई कर रहे हैं, ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब वे अपनी मांगों को लेकर सामने आए हैं। इससे पहले भी कई बार धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन हर बार जिंदल कंपनी के अधिकारी सिर्फ मुलाकात और वादा करके निकल जाते हैं। देवा ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले आंदोलन के दौरान जिंदल के एक अधिकारी ने उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और शारीरिक रूप से भी उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत भी की जा चुकी है।




