नई दिल्ली : यशस्वी जायसवाल के शानदार शतक के दम पर टीम इंडिया ने एक बार फिर इंग्लैंड पर अपना दबदबा दिखाया और पांचवें टेस्ट मैच में उसके सामने 374 रनों का टारगेट रखा है। मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने एक विकेट के नुकसान पर रन बना लिए हैं और वह लक्ष्य से 324 रन पीछे है।
जायसवाल के अलावा भारत की तरफ से दो अर्धशतक और लगे। दूसरे दिन बल्लेबाजी करने आने वाले नाइटवॉचमैन आकाशदीप ने अपने करियर की पहली फिफ्टी ठोकी और 66 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 94 गेंदों का सामना किया और 12 चौके मारे। मैनचेस्टर टेस्ट में शतक जमाने वाले वॉशिंगटन सुंदर ने 77 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेल टीम को 400 पार भेजने की कोशिश की जिसमें बेहद करीब आकर चूक गए। रवींद्र जडेजा ने भी 53 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 77 गेंदों पर पांच चौके मारे।
भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। उसने इंग्लैंड को पहली पारी में ज्यादा आगे नहीं जाने दिया और 247 रनों पर ढेर कर दिया। मेजबान टीम के पास 23 रनों की बढ़त थी। भारत ने दूसरी पारी में 396 रन बनाए और इंग्लैंड को एक मजबूत टारगेट दिया। इस टारगेट को हासिल करने के लिए उसके पास दो दिन का समय है और इसी कारण इंग्लैंड का पलड़ा भारी लग रहा है।
कप्तान शुभमन गिल को एटकिंसन ने एलबीडब्ल्यू कर भारत को चौथा झटका दिया। वह 11 रन ही बना सके। करुण नायर ने एक बार फिर निराश किया है और वह 17 रन बनाकर एटकिंसन की गेंद पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों लपके गए। इस बीच यशस्वी ने अपना शतक पूरा कर लिया था और उसके बाद वह भी पवेलियन लौट लिए। उनको टंग ने ओवरटन के हाथों कैच कराया। जायसवाल ने 164 गेंदों का सामना कर 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 118 रन बनाए।




