नई दिल्ली : अमेरिका में इमिग्रेशन और विदेशी कर्मचारियों को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच व्हाइट हाउस में बड़ा टेक्नोलॉजी डिनर होने जा रहा है। इस डिनर में दुनिया के दिग्गज टेक लीडर्स शामिल होंगे, जिनमें पांच भारतीय-अमेरिकी CEO भी मौजूद रहेंगे।
यह बैठक व्हाइट हाउस के नए सजे-धजे रोज गार्डन में आज होगी। डोनाल्ड ट्रंप ने यह डिनर ऐसे समय रखा है, जब उन्होंने दुनिया में टैरिफ वॉर (Trump Tariffs) छेड़ रहा है और भारत पर सबसे ज्यादा 50 फीसदी का भारी-भरकम टैरिफ लगाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप के डिनर में माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला, गूगल के सुंदर पिचाई, माइक्रोन टेक्नोलॉजीज के संजय मेहता, TIBCO चेयरमैन विवेक रणदिवे और पैलंटिर के CTO श्याम शंकर शामिल होंगे।
इनके अलावा एपल के टिम कुक, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, मेटा के मार्क जुकरबर्ग, ओरैकल की सफरा कैट्ज़ और बिल गेट्स भी आमंत्रित हैं। हालांकि, सबसे बड़ा नाम जो नदारद है, वो हैं टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क।
हालांकि, यह साफ है कि एक तरफ MAGA गुट विदेशी कर्मचारियों का विरोध कर रहा है, तो दूसरी तरफ ट्रंप व्हाइट हाउस भारत और भारतीय-अमेरिकी टैलेंट की अहमियत को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकता।




