नई दिल्ली : कोलकाता नाइटराइडर्स ने गुरुवार को अभिषेक नायर को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया। अभिषेक नायर केकेआर में चंद्रकांत पंडित की जगह लेंगे। नायर ने 2024 में गौतम गंभीर के हेड कोच रहते हुए भारतीय टीम के सहायक कोच की भूमिका भी निभाई थी। तब उन्होंने देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ काम किया।
इसके अलावा अभिषेक नायर को पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का फिटनेस गुरु भी माना जाता है। रोहित शर्मा ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान बताया था कि अभिषेक नायर की देखरेख में उन्होंने अपना 10 किलो वजन घटाया और फिट होने के कारण बेहतर प्रदर्शन कर सके। यही नहीं, पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी अपने खेल में सुधार के लिए नायर को श्रेय देते हैं।
नायर का बहुत सम्मानकेकेआर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिये अभिषेक नायर को हेड कोच नियुक्त करने की घोषणा की। केकेआर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर नायर की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ‘एक नया सवेरा हमारे सामने हैं।’
बता दें कि अभिषेक नायर कई सालों से केकेआर सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने सपोर्ट स्टाफ के सदस्य और एकेडमी ढांचे के रूप में फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों के साथ करीब से समय बिताया। नायर की कोच के रूप में विशेषज्ञता और क्षमता सालों में बढ़ती गई है। केकेआर के सहायक कोच के कार्यकाल के दौरान नायर ने युवा प्रतिभाओं की प्रगति को आकार देने में अहम भूमिका निभाई।
याद दिला दें कि कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए बीता सीजन खराब रहा था। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली केकेआर की टीम आठवें स्थान पर रही थी। नायर पर जिम्मेदारी होगी कि वो टीम को चौथी बार खिताब दिलाएं।




