Home देश राहुल गांधी के वोट चोरी के दावे पर भाजपा का बड़ा वार,...

राहुल गांधी के वोट चोरी के दावे पर भाजपा का बड़ा वार, खानदानी चोर कहकर दिया जवाब

10
0

 नई दिल्ली : भाजपा ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को खानदानी चोर कहते हुए महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान प्रक्रिया को बदनाम करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया गांधी के उस बयान के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वोट चोरी राष्ट्रविरोधी कृत्य है और महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में मार्कर पेन में इस्तेमाल की गई अमिट स्याही की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद के बीच चुनाव आयोग पर नागरिकों को गुमराह करने का आरोप लगाया था।

राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि बहाना ब्रिगेड वापस आ गई! मतगणना समाप्त होने से पहले ही हार मान रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘खानदानी चोर’ अब ठाकरे परिवार के दावों को दोहरा रहे हैं। पूनावाला ने यह भी जानना चाहा कि बिहार चुनावों को लेकर राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का क्या नतीजा निकला।

भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि हर बार ‘परिवारवादी’ जांच से बचने के लिए कोई न कोई आरोप लगा देते हैं, जो कानून की अदालत और जनता की अदालत में बेअसर साबित होता है।

भंडारी ने एक्स पर कहा कि पाकिस्तान से समर्थन प्राप्त राष्ट्रविरोधी पार्टी, बीएमसी चुनावों में आसन्न हार को देखते हुए, बलि का बकरा ढूंढ रही है। भाजपा ने कई मौकों पर गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोप की कड़ी आलोचना की है, इसे बेबुनियाद और अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास बताया है।