Home देश मैं गांधी भाई-बहनों के बीच अनबन का शिकार हूं,राहुल-प्रियंका पर बड़ी बात...

मैं गांधी भाई-बहनों के बीच अनबन का शिकार हूं,राहुल-प्रियंका पर बड़ी बात बोल गए सीएम हिमंत सरमा

12
0

नई दिल्ली :  असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को गांधी परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच अनबन का आरोप लगाया और खुद को दोनों भाई-बहन के बीच मनमुटाव का शिकार बताया।

पूर्वोत्तर के बढ़ते आर्थिक महत्व पर जोर देते हुए सरमा ने कहा कि असम में हर निवेशक को वीआइपी माना जाता है, चाहे प्रस्तावों का स्तर कुछ भी हो।कांग्रेस ने केरल में वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को असम में चुनाव समिति का प्रमुख बनाया है।

स्विट्जरलैंड के दावोस में मीडिया के साथ बातचीत में सरमा ने दावा किया कि प्रियंका को इस तरह की जिम्मेदारी देने के पीछे एकमात्र संभावित मतलब यह है कि राहुल नहीं चाहते कि वह केरल में पार्टी के मामलों में दखल दें।

उन्होंने कहा, ”मैं 22 वर्षों तक कांग्रेस में था। मेरे पास भी कुछ अंदर की जानकारी है। वह केसी वेणुगोपाल एवं उनके ग्रुप को डिस्टर्ब नहीं करना चाहते और प्रियंका उस ग्रुप के लिए बाहरी हैं। इसीलिए उन्होंने उन्हें असम भेज दिया। केरल की एक सांसद को केरल में जिम्मेदारी नहीं दी गई है। आप इसे और कैसे समझेंगे?”

मुख्यमंत्री ने गांधी परिवार को दुनिया का सबसे बड़ा फ्लॉप परिवार भी कहा। आइएएनएस के अनुसार, असम के विकास के संबंध में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के अपने दीर्घकालिक दृष्टिकोण के तहत सभी जिलों में खेलों का विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।