रायगंज : बंगाल में उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार में गहन मतदाना पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर तनाव और हिंसा की स्थिति पैदा हो गई। गुरुवार को एक व्यक्ति की ओर से आत्महत्या किए जाने के बाद पूरे इलाके के लोग नाराज हो गए। काफी संख्या में लोग जमा हुए और आरोप लगाया कि एसआइआर सुनवाई के डर से उस व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने एक स्कूल में चल रहे एसआइआर सुनवाई केंद्र पर हमला कर दिया।
इटाहार क्षेत्र के कुछ अधिकारी किसी तरह भागकर जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन पतिराजपुर क्षेत्र के अधिकारियों को निशाना बनाया गया। इसमें कई अधिकारियों को चोटें आईं हैं। टेबल, कुर्सियां, बेंच तोड़ दी गईं।
महत्वपूर्ण दस्तावेज को फाड़कर बिखेर दिया गया। उस समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, जिससे छात्र और शिक्षक भी भयभीत हो गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। रायगंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुंतल बंद्योपाध्याय भी मौक पर पहुंचे। कई घंटों तक सुनवाई पूरी तरह बंद रही। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच सुनवाई की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटना पहले कभी नहीं हुई। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने दोषियों की पहचान कर गिरफ्तार करने की मांग की है। मालदा के पुलिस अधीक्षक अभिजीत बंद्योपाध्याय ने कहा कि घटनास्थल पर पुलिस मौजूद है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।




