नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को 18वें रोजगार मेले के तहत देश भर के 61,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के अपॉइंटमेंट लेटर वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण है।
पीएम मोदी ने युवाओं को संविधान के प्रति उनके कर्तव्यों की याद दिलाई। पीएम मोदी ने कहा कि नए साल की शुरुआत आपके जीवन में खुशियाँ लेकर आई है। इसके साथ ही, जब कल ही बसंत पंचमी मनाई गई, तो आपके जीवन में भी एक नया ‘बसंत’ शुरू हो गया है। आपका कर्तव्य संविधान से जुड़ गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस समय गणतंत्र भी मनाया जा रहा है। शुक्रवार, 23 जनवरी को, हमने सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर पराक्रम दिवस मनाया, और कल, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। आज ही के दिन संविधान ने जन गण मन को राष्ट्रगान और वंदे मातरम को राष्ट्रगीत के रूप में मान्यता दी थी।
आज, इस शुभ दिन पर, 61 हजार से ज्यादा युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर मिल रहे हैं। एक तरह से यह राष्ट्र निर्माण के लिए निमंत्रण पत्र है। यह भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक ‘संकल्प पत्र’ है। आप सभी, अपने सहयोगियों के साथ मिलकर, हमारे देश की रक्षा को बेहतर बनाएंगे और हमारे स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रणाली को भी मजबूत करेंगे, जबकि अन्य ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेंगे।




