नई दिल्ली: भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर देश में सियासी घमासान देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी ने अमेरिका से ट्रेड डील को ‘संपूर्ण सरेंडर’ करार देते हुए कहा कि सरकार ने ‘भारत माता को बेच दिया और आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अमेरिका के दबाव में आकर भारतीय किसानों के साथ विश्वासघात किया है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के आरोपों को बेबुनियाद और झूठ करार देते हुए उन पर जोरदार हमला बोला है। पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी को कहा कि वे झूठ बोलने और निराधार आरोप लगाने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वे अपने झूठे बयान से हमारे किसानों को गुमराह कर रहे हैं और उन्हें भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।
क्या बोले थे राहुल गांधी
पीएम मोदी पर दबाव में डील पर हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि भारत का कोई भी प्रधानमंत्री जिसमें पीएम मोदी भी शामिल हैं, ऐसी डील पर तब तक हस्ताक्षर करेगा जब तक उस पर कोई दबाव न हो।’
सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि दुखद है कि भाजपा के वित्तीय ढांचे को बचाने के लिए 140 करोड़ भारतीयों के हितों का सरेंडर किया गया है और किसानों की रोजी-रोटी, कपड़ा, देश की ऊर्जा सुरक्षा से लेकर डाटा और उसका सोर्स कोड जैसे बेहद अहम क्षेत्रों को गिरवी रख दिया गया है।




