मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को पाकिस्तान और भारत से लगे बॉर्डर के पास आसमान की तस्वीर शेयर किया है. इसमें दिख रहा है कि आसमान में 1000 किलोमीटर तक अंधेरा छाया हुआ है. बादलों का एक विशाल झुंड आसमान में मंडरा रहे है. आईएमडी ने बताया कि अफगानिस्तान से एक संकट (पश्चिमी विक्षोभ) आ रहा है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर से लेकर पूरे उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है.
आईएमडी के वैज्ञानिक आनंद कुमार दास ने शुक्रवार को चेतावनी जारी किया. उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी, बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां शनिवार को दोपहर और शाम के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
इन राज्यों में चेतावनी जारी की गई है
मौसम विभाग ने बताया कि अफगानिस्तान, ईरान, और पाकिस्तान में बन रहे मौसमी प्रक्रियाएं पूर्व की ओर बढ़ रही हैं. इसके असर से उत्तर-पश्चिमी राज्यों में बारिश, गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई हैं. इसकी वजह से शुक्रवार को जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बारिश होने की संभावना है. साथ ही कल यानी कि शनिवार तक इसका असर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम करवट लेगा, जिसके बाद आंधी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर से सटे फरीदाबाद में बारिश की खबर है.


