Home क्रिकेट “क्रिकेट का अनोखा कारनामा: 1 से 11 नंबर तक उतरा ये बल्लेबाज

“क्रिकेट का अनोखा कारनामा: 1 से 11 नंबर तक उतरा ये बल्लेबाज

0

भारत के सबसे महान बल्लेबाजों की बात जब आती है, तो सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर आता है. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 34357 रन बनाए हैं, जिसमें 100 शतक और 164 अर्धशतक शामिल हैं.

वहीं, सुनील गावस्कर की बात करें तो उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 13214 रन बनाए हैं, जिसमें 35 शतक और 72 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि एक रिकॉर्ड ऐसा है, जिसे भारत का केवल एक ही बल्लेबाज बना पाया है.

इस बल्लेबाज ने की 1 से लेकर 11 नंबर तक बैटिंग

वीनू मांकड़ भारत के एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक से लेकर ग्यारह नंबर तक बल्लेबाजी की है. भारत के लिए रवि शास्त्री और फारूख इंजीनियर ने भी 1 से 10 नंबर तक बल्लेबाजी की है, लेकिन 11 नंबर तक सिर्फ वीनू मांकड़ ने ही बल्लेबाजी की है. वीनू मांकड़ को भारतीय क्रिकेट इतिहास का बेस्ट ऑलराउंडर माना जाता है. टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए उनका योगदान असाधारण रहा है. वीनू मांकड़ भारतीय टीम की पहली टेस्ट विजय के हीरो रहे थे.

भारत की पहली टेस्ट जीत के हीरो

वीनू मांकड़ का जन्म जामनगर (गुजरात) में हुआ था. वीनू मांकड़ का पूरा नाम मुलवंतराय हिम्मतलाल ‘वीनू’ मांकड़ था. दाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर वीनू मांकड़ ने जून 1946 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट खेला था. भारतीय टीम ने अपना पहला टेस्ट 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था. टेस्ट में पहली जीत हासिल करने में टीम इंडिया को 20 साल लग गए. 1952 में भारतीय टीम ने अपनी पहली टेस्ट जीत हासिल की थी और इसके हीरो वीनू मांकड़ रहे थे.

इतिहास में दर्ज हो गया ये टेस्ट

चेन्नई में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहली पारी में 266 रन बनाए. वीनू मांकड़ ने 8 विकेट झटके थे. भारतीय टीम ने पहली पारी में 9 विकेट पर 457 रन बनाकर पारी घोषित की. भारतीय टीम को 191 रन की बढ़त मिली थी. दूसरी पारी में इंग्लैंड महज 183 रन पर सिमट गई. वीनू मांकड़ ने 4 विकेट लिए थे. भारत पारी और 8 रन से मैच जीता. मैच में वीनू मांकड़ ने कुल 12 विकेट लेकर देश के टेस्ट क्रिकेट में पहली जीत की स्वर्णिम कहानी लिखी.

भारत के लिए 44 टेस्ट खेले

1946 से 1959 के बीच वीनू मांकड़ ने भारत के लिए 44 टेस्ट खेले. 72 पारियों में 5 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 2,109 रन बनाए. वीनू मांकड़ का बेस्ट स्कोर 231 रन रहा, वहीं 162 विकेट भी उनके नाम हैं. इस दौरान पारी में 8 बार उन्होंने 5 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की. वीनू मांकड़ ने महाराष्ट्र, गुजरात, बंगाल, सौराष्ट्र और मुंबई और राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेला. इस दौरान 233 फर्स्ट क्लास मैचों में 26 शतक लगाते हुए 11,591 रन बनाने के साथ ही 782 विकेट लिए.

वीनू मांकड़ के नाम पर ‘मांकड़िंग’ की शुरुआत

वीनू मांकड़ के नाम पर ‘मांकड़िंग’ की शुरुआत हुई. 1947 में वीनू ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज बिल ब्राउन को रनआउट कर दिया था. वीनू बॉलिंग कर रहे थे, जैसे ही ब्राउन क्रीज से बाहर निकले, वीनू ने उन्हें रनआउट कर दिया. हालांकि, वीनू ने ब्राउन को रनआउट करने से पहले चेतावनी दी थी. वीनू ने ब्राउन को दो बार इसी तरह आउट किया था. लंबे समय तक इस तरह का बल्लेबाजों को रन आउट किया जाना ‘मांकड़िंग’ के रूप में चर्चित रहा. आईसीसी ने अब यह नियम खत्म कर दिया है. 21 अगस्त 1978 को वीनू मांकड़ का 61 साल की उम्र में निधन हो गया था.