Home छत्तीसगढ़ बलौदाबाजार में बड़ी कार्रवाई, ठगी के मामले में फरार दो डायरेक्टर गिरफ्तार

बलौदाबाजार में बड़ी कार्रवाई, ठगी के मामले में फरार दो डायरेक्टर गिरफ्तार

0

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 128 निवेशकों से 38.18 लाख की ठगी करने वाले पल्स इंडिया कंपनी के दो डायरेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। पुलिस ने दोनों को उत्तर प्रदेश से दबोचा है।

जानकारी के मुताबिक, चिटफंड कंपनी पल्स इंडिया कंपनी लिमिटेड (पीएसीएल कंपनी इंडिया लिमिटेड) के डायरेक्टर व एजेंटो द्वारा रुपये जमा करने पर अधिक ब्याज प्रदान करने का लालच देते हुए लोगों से पैसा जमा करवाया गया।

जानिए पूरा मामला

निर्धारित समय अवधि समाप्त होने के बाद भी निवेशकों का पैसा कंपनी द्वारा वापस नहीं किया गया। प्रार्थी पंचराम साहू रिपोर्ट पर 7 नवम्बर 2016 को थाना पलारी में अपराध क्रमांक 471/2016 धारा 420,34 भादवि, 10 छत्तीसगढ़ के निक्षपेकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 4,5,द प्राइस चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन एक्ट का प्रकरण पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया। इस दौरान पुलिस द्वारा जांच व विवेचना कार्रवाई करते हुए प्रकरण में संलिप्त व चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर आदि सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी फरार थे।

एसपी भावना गुप्ता द्वारा अधिक पैसे देने का प्रलोभन देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले पीएसीएल चिटफंड कंपनी के फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने थाना प्रभारी पलारी को निर्देश किया गया। निर्देशों के परिपालन में थाना पलारी पुलिस द्वारा जांच व जाँच कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों के संबंध में लगातार पता तलाश किया जा रहा था।

इसी बीच पता चला कि प्रकरण में फरार दो आरोपी EOW सेक्टर कानपुर जिला जालौन के एक प्रकरण में जिला जेल उरई जिला जालौन उत्तर प्रदेश में निरूध्द है। सूचना पर थाना पलारी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत आरोपी गुरजंत सिंह एवं गुरनाम सिंह को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा पीएसीएल कंपनी के माध्यम से लोगों को अधिक पैसे देने का लालच देते हुए उनसे ठगी करना स्वीकार किया गया।

दोनों आरोपियों को आज 24 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। पीएसीएल चिटफंड कंपनी के विरुद्ध 128 निवेशकों से कुल 38,18,310 रकम ठगी का मामला पंजीबध्द किया गया है। प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के नाम

1. गुरनाम सिंह उम्र 59 वर्ष निवासी 5 जसरान थाना चम्कौर साहिब जिला रोपड़ पंजाब

2. गुरुजंत सिंह उम्र 80 साल निवासी मकान नंबर 2117 मोहाली 160062 एकलव्य अपार्टमेंट सेक्टर जिला मोहाली पंजाब