रायपुर : राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर और मशीनों की चोरी करने वाले दो नाबालिगों समेत चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 82 हजार रुपए कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक मठपुरैना स्थित एक निर्माणाधीन मकान से ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बड़ी मात्रा में बिजली वायर चोरी हो गए थे। मामले की शिकायत मकान मालिक रविकांत वर्मा ने टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टिकरापारा थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर दो नाबालिग लड़कों की पहचान की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी का सामान एक्टिवा वाहन से ले जाकर कबाड़ी दुकान में बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शंकर नगर स्थित कबाड़ी दुकान में दबिश देकर चोरी का सामान बरामद किया। मामले में कबाड़ी संचालक गणेश उर्फ आसिफ खान को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल एक्टिवा वाहन, नकदी और चोरी का पूरा मशरूका जब्त कर लिया है। दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है, जबकि मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।



