Home छत्तीसगढ़ जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है:-कलेक्टर गोपाल वर्मा

जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है:-कलेक्टर गोपाल वर्मा

0

कवर्धा, 21 मई 2026 : कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल पंप डीलर्स एवं गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जिले में ईंधन एवं रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष जोर दिया।बैठक में कलेक्टर ने जिले में उपलब्ध पेट्रोल, डीजल और एलपीजी स्टॉक की जानकारी लेते हुए नियमित आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। पेट्रोल पंप डीलर्स एवं गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि जिले में ईंधन एवं गैस की सप्लाई नियमित रूप से प्राप्त हो रही है तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वितरण किया जा रहा है।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि पेट्रोल पंपों का संचालन पूरी तरह व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कई बार किसी पेट्रोल पंप पर कुछ समय के लिए आपूर्ति प्रभावित होने पर जिलेभर में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहें तेजी से फैलने लगती हैं, जिससे अनावश्यक घबराहट एवं विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों से बचने के लिए उपभोक्ताओं के साथ सतत एवं सकारात्मक संवाद बनाए रखना आवश्यक है।

कलेक्टर ने डीलर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि डब्बों एवं कैनों में ईंधन की जमाखोरी करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना प्रशासन को दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा करने अथवा अवैध भंडारण की किसी भी कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा।

बैठक में गैस एजेंसी संचालकों से एलपीजी स्टॉक, प्रतिदिन की आवक तथा उपभोक्ताओं को किए जा रहे वितरण की विस्तृत जानकारी ली गई। संचालकों ने बताया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है तथा बुकिंग के अनुसार वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था सुचारू एवं व्यवस्थित बनी रहे तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो।कलेक्टर वर्मा ने जिला खाद्य अधिकारी को पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी संभावित समस्या पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन सहित जिले के पेट्रोल पंप डीलर्स एवं गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।