Home छत्तीसगढ़ स्मृति नगर चौकी में हंगामे के बाद क्रांति सेना नेता चेतन चंदेल...

स्मृति नगर चौकी में हंगामे के बाद क्रांति सेना नेता चेतन चंदेल समेत कई पर केस

0

 दुर्ग :छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों पर पुलिस ने FIR दर्ज किया है। आरोप है कि क्रांति सेना के पदाधिकारी चेतन चंदेल और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने भिलाई के स्मृति नगर चौकी परिसर में घुसकर नारेबाजी की। वहीं क्रांति सेना के कार्यकर्ता भिलाई में शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते नजर आए। इस मामले में चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा के तहत केस दर्ज किया गया है।

दरअसल मामला क्रांति सेना के पदाधिकारी और शंकराचार्य अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर क्रांति सेना के कार्यकर्ता गुरुवार शाम को स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आवेदन देने और कुछ समय तक इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे और पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि पहले स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद सुपेला थाना प्रभारी ने भी समझाइश दी, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसी दौरान सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने भी प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि प्रदर्शनकारी उनसे भी बहस करने लगे और डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने पर सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर खदेड़ दिया।

इसके बाद स्मृति नगर चौकी की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया। इधर, आवेदक भूपेंद्र साहू (33) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुराग चंद्राकर अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और कार में स्क्रैच लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।