गरियाबंद : गरियाबंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का गांजा, एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी इक्को वाहन समेत कुल 20 लाख 8 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को थाना सिटी कोतवाली गरियाबंद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की इक्को कार (UP-32-MK-6731) देवभोग-मैनपुर मार्ग से गरियाबंद की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर भिलाई तिराहा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।जांच के दौरान संदिग्ध वाहन पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार में रखे बैगों से टेप में लिपटे 7 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 33 किलोग्राम गांजा मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर बहादुर सिंह (38 वर्ष) निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश और शकील सिद्दीकी (45 वर्ष) निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जब्त सामग्री:
33 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 16.50 लाख रुपये)
मारुति सुजुकी इक्को वाहन (UP-32-MK-6731)
एक मोबाइल फोन
कुल जब्ती मूल्य: 20 लाख 8 हजार रुपये



