Home देश-विदेश ईरान डील पर बौखलाए ट्रंप! मीडिया पर निकाली भड़ास, दिया बड़ा बयान

ईरान डील पर बौखलाए ट्रंप! मीडिया पर निकाली भड़ास, दिया बड़ा बयान

0

ईरान के साथ समझौते को लेकर हो रही देरी और बढ़ती टेंशन के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump फिर से अमेरिका की मीडिया और डेमोक्रेट्स पर भड़क उठे। उन्होंने दावा किया कि यदि ईरान पूरी तरह सरेंडर भी कर दे, तो भी अमेरिकी मीडिया उसे ईरान की जीत बताने से नहीं चूकेगा। जानें डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर की गई अपनी पोस्ट में क्या-क्या कहा।

ट्रंप ने लगाया फेक न्यूज फैलाने का आरोप

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, ‘अगर ईरान सरेंडर कर दे और यह स्वीकार कर ले कि उसकी नेवी तबाह हो चुकी है। उसकी एयरफोर्स अब खत्म हो चुकी है। और यदि उसकी पूरी सेना सफेद झंडा लहराते हुए तेहरान में हथियार डाल दे और अपने हाथ ऊपर उठाए, हर कोई मैं सरेंडर करता हूं, चिल्लाते हुए, बाहर निकल आए। अगर उसकी बाकी पूरी लीडरशिप सभी जरूरी आत्मसमर्पण दस्तावेजों पर साइन कर दे और अमेरिका के सामने अपनी हार कबूल कर ले, तो भी नाकाम मीडिया इसे ईरान की जीत बताएगा।’

 

Trump Truth Social post

Image Source : DONALD TRUMP (TRUTH SOCIAL)/APडोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया।

 

इन मीडिया संस्थानों पर साधा निशाना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में न्यूयॉर्क टाइम्स, डब्ल्यूएसजे, सीएनएन समेत कई अन्य अमेरिकी मीडिया संस्थानों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका के सामने ईरान पूरी तरह झुक भी जाए तो भी ये मीडिया चैनल ऐसे दिखाएंगे कि जैसे ईरान ने अमेरिका पर एक शानदार जीत हासिल कर ली है। मीडिया और डेमोक्रेट्स पूरी तरह से भटक गए हैं।

ईरान से फाइनल डील पर अब तक नहीं बन पाई बात

गौरतलब है कि इन दिनों अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर लगातार बातचीत हो रही है लेकिन अभी तक फाइनल डील पर बात नहीं बन पाई है। इसी साल, 28 फरवरी को तेहरान पर किए गए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले के बाद शुरू हुए युद्ध की टेंशन अभी तक खत्म नहीं हो पाई है। फिलहाल, सीजफायर लागू है लेकिन मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बना हुआ है।