Home छत्तीसगढ़ शराब के नशे में बेटे का खूनी खेल, मां को पीट-पीटकर मार...

शराब के नशे में बेटे का खूनी खेल, मां को पीट-पीटकर मार डाला, 24 घंटे में गिरफ्तार

0

दंतेवाड़ा : जिले के भांसी थाना क्षेत्र के ग्राम धुरली टिटेमपारा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी ही मां की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका बुधरी तेलाम (60 वर्ष) अपने घर में थीं। उनका पुत्र सामु उर्फ श्याम तेलाम (32 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगा। खाना नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया और पास में रखे बांस के डंडे से मां के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुधरी तेलाम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन, एसडीओपी कमलजीत पाटले तथा थाना प्रभारी प्रदीप बिसेन के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।

भांसी थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 05/2026 दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी सामु उर्फ श्याम तेलाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप बिसेन, उपनिरीक्षक किशोर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक जयमंगल श्यामले तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।