Home मनोरंजन ‘लव एंड वॉर’ के सेट पर हादसा, करंट लगने से टेक्नीशियन की...

‘लव एंड वॉर’ के सेट पर हादसा, करंट लगने से टेक्नीशियन की मौत, 40 लाख मुआवजा देगा भंसाली प्रोडक्शन हाउस

0

संजय लीला भंसाली इन दिनों लगातार अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है, दर्शकों के बीच इसका बेसब्री से इंतजार है। इस पीरियड ड्रामा की कई झलक भी सामने आ चुकी हैं। इस बीच ये फिल्म एक अलग ही वजह से चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि फिल्म के सेट पर एक हादसा हो गया, जिसमें एक टेक्नीशियन की जान चली गई है। टेक्नीशियन का नाम चंद्रधारी यादव था, जिसकी करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।

लव एंड वॉर के सेट पर हादसा

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने  एम्प्लॉइज ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में इस हादसे की पुष्टि की है। फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन (FSSAMU) के अनुसार, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर ‘लव एंड वॉर’ की गोरेगांव ईस्ट के रॉयल पंप स्टूडियो में शूटिंग चल रही थी। इसी फिल्म के सेट पर हुए एक हादसे में 42 साल के कारपेंटर चंद्रधारी यादव की मौत हो गई। घटना 17 जून को सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकता है, मगर अब तक टेक्नीशियन की मौत से जुड़ी अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। दिवंगत चंद्रधारी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।

FWICE  ने की आर्थिक मदद की मांग

चंद्रधारी यादव की मौत के बाद वर्कर यूनियन उनके परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं। ‘द टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) और FSSAMU ने मिलकर लव एंड वॉर के प्रोड्यूसर्स से संपर्क किया और पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की। खबर है कि भंसाली प्रोडक्शंस ने यादव के परिवार को मुआवजे के तौर पर 40 लाख देने की पेशकश की है। हालांकि, अब तक संजय लीला भंसाली या उनके प्रोडक्शन हाउस की ओर से इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

कब रिलीज होगी ‘लव एंड वॉर’?

‘लव एंड वॉर’ की बात करें तो ये अगले साल यानी 2027 में गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हो सकती है। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट  और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। इससे पहले रणबीर और आलिया ने अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र’ में साथ काम किया था। यानी लव एंड वॉर आलिया और रणबीर की साथ में दूसरी फिल्म है। वहीं विक्की कौशल के साथ आलिया ‘राजी’ और रणबीर कपूर ‘संजू’ में काम कर चुके हैं।