Home विदेश सऊदी अरब में बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा, अरामको के 14 कर्मचारियों की मौत

सऊदी अरब में बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा, अरामको के 14 कर्मचारियों की मौत

0

रियाद/रास तनुरा :  सऊदी अरब के रास तनुरा क्षेत्र में रविवार को सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग सऊदी नागरिक थे। हादसे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सऊदी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दुर्घटना की वजह जानने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ।

सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। मंत्रालय ने अपने बयान में दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

यह हादसा रास तनुरा में हुआ, जो पश्चिम एशिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक और सऊदी अरामको का प्रमुख परिचालन केंद्र है। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल निर्यात टर्मिनलों में भी शामिल है।

गौरतलब है कि सऊदी अरामको का एविएशन नेटवर्क ऑफशोर ऑपरेशन, मेडिकल इवैक्यूएशन और लॉजिस्टिक सेवाओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है। वर्तमान में कंपनी के बेड़े में 60 से अधिक विमान और हेलिकॉप्टर शामिल हैं। हादसे के बाद सुरक्षा एजेंसियां दुर्घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।