बिलासपुर : सिविल लाइन पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12.405 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 6.25 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी पुलिस की नजर से बचने के लिए अपने साथ 5 साल के बच्चे को लेकर चल रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर उसलापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आसमानी रंग के ट्रॉली बैग से प्लास्टिक टेप में लिपटे 11 पैकेट गांजा बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41), नेहा सिंह (34) और अर्चना सिंह (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि बच्चे को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।



