Home छत्तीसगढ़ भारतमाला रोड पर तेज रफ्तार का कहर, मॉर्निंग वॉक कर रहे 3...

भारतमाला रोड पर तेज रफ्तार का कहर, मॉर्निंग वॉक कर रहे 3 लोगों की मौत

0

जांजगीर-चांपा :  छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी स्थित भारतमाला रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है।

बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।