Home छत्तीसगढ़ चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, RPF जवान ने बचाई यात्री...

चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, RPF जवान ने बचाई यात्री की जान

0

राजनांदगांव :मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर चेतन दिलीपराव जिचकार के दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सतर्कता बरती जा रही है। इसी कड़ी में ऑपरेशन जीवन रक्षा के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव के स्टाफ ने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री का जीवन बचाकर सराहनीय कार्य किया।

जानिए कब और कैसे हुआ हादसा

8 जुलाई को राजनांदगांव स्टेशन पर एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरने लगा। प्लेटफॉर्म ड्यूटी में तैनात प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित खींच लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

आरपीएफ की तत्परता से बची जान

पूछताछ में यात्री ने अपना नाम बृजेश सकुनिया (52 वर्ष), पिता महीबीर प्रसाद सकुनिया, निवासी हनुमान मंदिर पारा, झारसुगुड़ा बताया। साथ ही बताया कि वे गोंदिया जंक्शन से झारसुगुड़ा तक यात्रा कर रहे थे। राजनांदगांव स्टेशन पर उतरने के बाद ट्रेन चलने पर दोबारा चढ़ने का प्रयास करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया था। आरपीएफ की तत्परता के कारण उनकी जान बच गई।

रेलवे सुरक्षा बल की यात्रियों से अपील

यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल के प्रति आभार व्यक्त किया और सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा हो सकता है। यात्री सुरक्षा ही आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे का हेल्पलाइन नंबर 139 है।