Home छत्तीसगढ़ ‘कोई भी अस्पताल चुन लीजिए…’, दीपक बैज की चुनौती पर श्याम बिहारी...

‘कोई भी अस्पताल चुन लीजिए…’, दीपक बैज की चुनौती पर श्याम बिहारी जायसवाल का पलटवार

6
0

रायपुर :  छत्तीसगढ़ की सियासत में नेताओं के बीच बयानबाजी और एक-दूसरे को खुली चुनौती देने का सिलसिला जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत मंत्री विजय शर्मा के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर हुई बहस के बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जुबानी जंग शुरू हो गई है।

दीपक बैज ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अस्पतालों की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को खुली चुनौती दी है। बैज ने कहा कि वे स्वास्थ्य मंत्री के साथ प्रदेश के किसी भी अस्पताल में जाकर वहां की जमीनी स्थिति देखने के लिए तैयार हैं।

बैज ने कहा- किसी भी अस्पताल में चलने को तैयार

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल में जाकर वहां की वास्तविक स्थिति देखी जा सकती है। उनके इस बयान के बाद मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

बैज की चुनौती पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी जवाब देते हुए इसे स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज उनके पुराने मित्र हैं और वे उनका सम्मान करते हैं। अस्पताल का चयन भी बैज अपनी पसंद से कर सकते हैं।

‘बस्तर हो या रायपुर, जहां कहेंगे चलेंगे’

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल चाहे बस्तर क्षेत्र में हो या रायपुर में, वे वहां जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे केवल स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक मित्र के रूप में भी दीपक बैज के साथ अस्पताल जाएंगे।

जायसवाल ने कहा कि यदि दीपक बैज अस्पताल का जायजा लेने जाना चाहते हैं तो उन्हें इसकी जानकारी भेज दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत होगी तो वे जरूर साथ जाएंगे।

‘कांग्रेस में चर्चा करने का कोई इंफेक्शन आ गया है’

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस में चर्चा करने का कोई इंफेक्शन आ गया है।”

फिलहाल दोनों नेताओं की ओर से चुनौती और उसे स्वीकार किए जाने के बाद अब नजर इस बात पर है कि अस्पताल का चयन कब और कहां होता है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक अभी संयुक्त दौरे के लिए कोई निश्चित तारीख या अस्पताल सामने नहीं आया है।