Home छत्तीसगढ़ महासमुंद पुलिस का नशे के सौदागरों पर डबल अटैक! JETTA के सीक्रेट...

महासमुंद पुलिस का नशे के सौदागरों पर डबल अटैक! JETTA के सीक्रेट चेंबर से लेडीज पर्स तक छिपा था गांजा, 3 गिरफ्तार

0

महासमुंद : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा और कोमाखान थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 50.690 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25.34 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई JETTA कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 32 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

JETTA कार के सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जा रहा था गांजा

पहली कार्रवाई सिंघोड़ा थाना पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास की। पुलिस टीम ने नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध JETTA कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में बनाए गए एक गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर को खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने कार से 37.940 किलो गांजा बरामद किया और मामले में बिहार के कैमूर निवासी श्रवण यादव को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा के मदन रामपुर से रायपुर लेकर जा रहा था।

बाइक की सीट, डिक्की और लेडीज पर्स में छिपाया था गांजा

दूसरी कार्रवाई कोमाखान थाना क्षेत्र में ग्राम टेमरी जांच नाका के पास की गई। यहां पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक और महिला को रोककर पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस को बाइक की सीट, डिक्की और महिला के लेडीज पर्स में छिपाकर रखा गया गांजा मिला।

पुलिस ने मौके से 12.750 किलो गांजा जब्त किया। इस मामले में ओडिशा के कालाहांडी निवासी मदन तांडी और नुआपाड़ा निवासी शांति तांडी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गांजा बागबाहरा क्षेत्र में एक पैडलर तक पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।

तस्करी के पूरे नेटवर्क की होगी जांच

महासमुंद पुलिस ने दोनों मामलों में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

महासमुंद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने दूरभाष पर बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच के साथ फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी की जाएगी, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।