Home छत्तीसगढ़ नदी-नालों का रौद्र रूप! महासमुंद में 17 वर्षीय किशोर लापता, GPM में...

नदी-नालों का रौद्र रूप! महासमुंद में 17 वर्षीय किशोर लापता, GPM में बुजुर्ग बाइक समेत बहते-बहते बचा

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/पिथौरा :  छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से मानसून सक्रिय है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई जगह नदी-नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव वाले रपटों और नालों को पार करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच महासमुंद में 17 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक बुजुर्ग बाइक सवार उफनते नाले में बहने से बाल-बाल बच गया।

 उफनती बाघ नदी में डूबा 17 वर्षीय किशोर

महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में बाघ नदी का बढ़ा जलस्तर हादसे का कारण बन गया। यहां 17 वर्षीय हरिशंकर ठाकुर तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही NDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पिथौरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय कर रही है। करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

NDRF के जवान नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।

 बुजुर्ग को भारी पड़ी नाला पार करने की कोशिश

दूसरी घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के खोडरी थाना क्षेत्र की है। बढ़ावनढांड-पीपरखूंटी मार्ग स्थित खूंटी नाले में तेज बहाव के बीच एक बुजुर्ग बाइक सवार हादसे का शिकार होते-होते बच गया।

बारिश के कारण रपटे के ऊपर से तेज पानी बह रहा था। दोनों ओर ग्रामीण जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बुजुर्ग बाइक लेकर वहां पहुंचा। ग्रामीणों ने उसे शोर मचाकर नाला पार करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने बाइक पानी में उतार दी।

नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बुजुर्ग बाइक समेत पानी में गिर गया। हालांकि, उसने किसी तरह खुद को संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकल आया।

 हादसे का VIDEO वायरल

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इस नाले में जलस्तर बढ़ने से स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील नालों और रपटों पर चेतावनी संकेतक लगाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की तैनाती की मांग की है।