बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में आज भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में महिला और बच्चे समेत 27 लोग घायल हो गए, जिन्हें कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं दो महिलाओं को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पढ़िए पूरी खबर
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कसडोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 बी पर हुआ। बताया जा रहा है कि माजदा वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जो बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार सुबह सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होने के बाद सड़क पर पलट गया।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस समेत अन्य वाहनों की मदद से कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वही दो महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट आने की वजह से उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी पलटने से हुए घायल
घटना के संबंध में परिवार के ही सदस्य देवचरण जांगड़े ने बताया कि वह सभी ग्राम मुरकुटा नांदघाट जिला बेमेतरा से गिरौदपुरी धाम बाबाजी के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी पलटी गई और घायल हो गए। इस दौरान एक व्यक्ति अमजद खान ने उनकी बड़ी मदद की और अपने वाहन से कसडोल के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां सभी लोग खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच जांच में जुट गए हैं



