स्वाइन फ्लू, जिसे H1N1 इन्फ्लुएंजा भी कहा जाता है, एक वायरल संक्रमण है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और कमजोरी शामिल हैं। अधिकांश मरीज उचित देखभाल के साथ ठीक हो जाते हैं, लेकिन कुछ मामलों में संक्रमण फेफड़ों तक पहुंचकर निमोनिया जैसी गंभीर समस्या पैदा कर सकता है।
ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित किन मरीजों में निमोनिया का खतरा ज्यादा रहता है। डॉ. संजय वर्मा, अतिरिक्त निदेशक, आंतरिक चिकित्सा विभाग, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट, ओखला के अनुसार, कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
इन मरीजों में ज्यादा रहता है निमोनिया का खतरा
निमोनिया का जोखिम खासतौर पर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं में अधिक हो सकता है। इसके अलावा पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
इनमें शामिल हैं:
- डायबिटीज के मरीज
- अस्थमा या COPD से पीड़ित लोग
- हृदय रोग से जूझ रहे मरीज
- किडनी की बीमारी वाले मरीज
- कैंसर का इलाज करा रहे लोग
- कमजोर इम्युनिटी वाले मरीज
- अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग
इन लक्षणों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज
शुरुआत में फ्लू और निमोनिया के लक्षण एक जैसे दिखाई दे सकते हैं। लेकिन अगर बुखार लगातार बना रहे या ठीक होने के बाद दोबारा बढ़ जाए, खांसी और सांस फूलने की समस्या बढ़ने लगे, सीने में दर्द हो, ऑक्सीजन का स्तर कम होने लगे या असामान्य कमजोरी महसूस हो तो इसे सामान्य फ्लू समझकर घर पर इलाज जारी रखना ठीक नहीं है।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से जांच और चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
हाई-रिस्क मरीज रखें खास सावधानी
डॉक्टर के मुताबिक हाई-रिस्क मरीजों को फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बीमारी के शुरुआती चरण में डॉक्टर से परामर्श लेने पर यह तय करने में मदद मिलती है कि मरीज को केवल लक्षणों के आधार पर उपचार की जरूरत है या आगे की जांच और एंटीवायरल उपचार की आवश्यकता है।
स्वाइन फ्लू से बचाव कैसे करें?
संक्रमण से बचने के लिए फ्लू वैक्सीन लगवाना, हाथों की नियमित सफाई करना, बीमार व्यक्ति के संपर्क से बचना और संक्रमण होने पर मास्क का इस्तेमाल करना उपयोगी सावधानियां हैं। सबसे अहम बात यह है कि अगर स्वाइन फ्लू के दौरान सांस लेने में परेशानी हो रही है तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें।



